Prabhu Deva Birthday Special: आज के दिन यानी 3 अप्रैल (1973) को मशहूर कोरियोग्राफर प्रभु देवा का जन्म कर्नाटक के मैसूर में हुआ था। उन्हें भारत का माइकल जैक्सन भी कहा जाता है, लेकिन उनके कोरियोग्राफर बनने की राह आसान नहीं थी। दरअसल, प्रभु देवा ने युवावस्था में कोरियोग्राफी शुरू की थी। उस वक्त प्रभु देवा के पिता को डांस कोरियोग्राफी का काम मिलता तो वे प्रभु देवा को ही मौका देते थे। उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में कई फिल्मों में कोरियोग्राफी की। हालांकि, उनका ऑफिशियल डेब्यू 1989 में कमल हासन की फिल्म ‘वेट्री विज्हा’ से हुआ था।

पिता ने सिर्फ एक बार की तारीफ : प्रभु देवा पूरे देश में डांस के ‘भगवान’ के तौर पर जाने जाते हैं, लेकिन उनके पिता मुगुर सुंदर ने महज एक बार उनके डांस की तारीफ की। बताया जाता है कि प्रभु देवा के तेलुगु निर्देशन की पहली फिल्म नुव्वोस्तन्ते नेनोडदंता थी। इसमें प्रभु देवा का काम देखने के बाद पिता ने उनकी तारीफ की थी। यह भी रोचक है कि प्रभु देवा और उनके पिता एक ही पेशे से जुड़े हैं। इसके बावजूद उनके घर में फिल्मों की बात नहीं की जाती है।

असली नाम नहीं है प्रभु देवा : प्रभु देवा का असली नाम ‘शंकुपानी’ है। बताया जाता है कि फिल्मी दुनिया में अलग नाम रखने की परंपरा ने उन्हें भी नाम बदलने के लिए मजबूर कर दिया। ऐसे में उन्होंने शंकुपानी की जगह अपना नाम प्रभु देवा रख लिया। प्रभु देवा भरतनाट्यम के कुशल डांसर भी हैं। उन्होंने पेशेवर डांसर लक्ष्मीनारायण और धर्मराज से ट्रेनिंग ली थी।