कर्नाटक में चुनाव प्रचार का शोर थम चुका है। प्रत्याशी अब घर-घर जाकर मतदाताओं को लुभा रहे हैं। इस क्रम में कांग्रेस के उम्मीदवार और कार्यकर्ता अपने कंधों पर भगवा गमछा (शॉल) रख इलाकों का दौरा कर रहे हैं। साथ ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते दिख रहे हैं। यह नजारा बीजेपी का गढ़ कहलाने वाले दक्षिण कन्नड़ के तटीय शहर मंगलुरु में देखने को मिल रहा है। हालांकि, चुनावों के समय राजनीतिक कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिर, मस्जिद और चर्चों का दौरा आम बात है मगर ऐसा पहली बार हुआ है जब कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दक्षिणी कर्नाटक में बीजेपी कार्यकर्ताओं के एजेंडे को अपनाया हो। पहली नजर में इनलोगों को देखकर मतदाताओं को शक हुआ कि ये बीजेपी के कार्यकर्ता हैं लेकिन जब उन लोगों ने कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोट मांगे और उन्हें पर्चा थमाया तो समझ सके कि कांग्रेसी भी हिन्दू सियासी कार्ड खेल रहे हैं।
टीओआई से बात करते हुए मंगलुरु कांग्रेस के अध्यक्ष के हरीश कुमार ने कहा कि हिन्दुत्व का ठेका बीजेपी को किसी ने नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी से ज्यादा हिन्दू कार्यकर्ता कांग्रेस में हैं। उन्होंने तंज कसा कि उनकी नजर में सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ता ही हिन्दू हैं, जबकि असलियत यह नहीं है। बतौर कुमार जो कोई भी हिन्दू माता-पिता के घर में पैदा हुआ है, वह जन्मजात हिन्दू है। इसके लिए बीजेपी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता भगवा गमछा ओढ़कर भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा लगा रहे हैं।
जिले के युवा कांग्रेस अध्यक्ष मिथुन राय ने बताया कि बीजेपी के लोग भगवा का इस्तेमाल समाज में नफरत फैलाने के लिए करते हैं जबकि वे लोग सामाजिक सद्भाव के लिए भगवा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवा रंग बीजेपी की जायदाद नहीं है। उन्होंने कहा कि वे लोग भी हिन्दू हैं लेकिन हिन्दुत्व का राजनीतिकरण नहीं करते हैं। चुनावों में भगवा इस्तेमाल करने पर कहा कि वे लोग पिछले कई सालों से भगवा रंग का इस्तेमाल करते रहे हैं। राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग भगवा का इस्तेमाल वोट बैंक की राजनीति के लिए करते हैं जबकि वे लोग सामाजिक सदभाव के लिए भगवा रंग का इस्तेमाल करते हैं।
इधर, बीजेपी के नेताओं ने कांग्रेस पर वोट बैंक के लिए भगवा रंग का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। बीजेपी के मंगलुरु जिला चुनाव प्रचार कमेटी के प्रभारी मोनप्पा भंडारी ने कहा कि कुछ दिनों पहले तक कांग्रेस के लोग भगवा रंग और भारत माता की जय के नारे को खतरनाक बता रहे थे लेकिन अब वे लोग दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह वोट के लिए गंदी राजनीति का नमूना है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हार की आशंका से घबरा गई है, इसलिए अब भगवा रंग का सहारा ले रही है।