कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार (10 सितंबर, 2018) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए रिलीफ फंड की मांग की गई। मीटिंग में कुमारस्वामी के अलावा उनके पिता और जेडीएस अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा भी मौजूद थे। वह पीएम के बराबर में बैठे थे। इसके अलावा राज्य के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर भी मौजूद थे। मीटिंग की खास यह है कि दोनों नेताओं के बीच जहां बैठक हुई वहां भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी की तस्वीर लगी थी। जबकि राजनीतिक तौर पर दोनों नेताओं का इस तस्वीर से कोई संबंध नजर नहीं आता।
हालांकि कर्नाटक में कुमारस्वामी कांग्रेस के समर्थन से सरकार चला रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में इसे साफ देखा जा सकता है। बता दें कि कर्नाटक में भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। सैकड़ों करोड़ रुपए के नुकसान की बात कही गई है। पिछले महीने भी कुमारस्वामी ने एक पत्र लिख प्रधानमंत्री से दो हजार करोड़ की मांग की थी ताकि बाढ़ पीड़ितों का दोबारा पुर्नवास किया जा सके। इसके अलावा सीएम ने पीएम मोदी से नुकसान के आकलन के लिए एक केंद्रीय टीम कर्नाटक भेजने को कहा था।
A delegation led by Karnataka CM HD Kumaraswamy met Prime Narendra Modi earlier today to seek relief funds for the flood-affected districts of the state including Kodagu. Former PM HD Deve Gowda was also present. pic.twitter.com/Xc2K6YCmfb
— ANI (@ANI) September 10, 2018
बता दें कि साल बारिश के मौसम में अब तक 10 राज्यों में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 1400 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। इनमें केरल में जान गंवाने वाले 488 लोग शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया केंद्र (एनईआरसी) के मुताबिक, केरल में बारिश और बाढ़ की वजह से 488 लोगों की मौत हो गई और राज्य के 14 जिलों में करीब 54.11 लाख लोग प्रभावित हुए। केरल में यह पिछली एक सदी की सबसे खराब स्थिति थी।
एनईआरसी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 254, पश्चिम बंगाल में 210, कर्नाटक में 170, महाराष्ट्र में 139, गुजरात में 52, असम में 50, उत्तराखंड में 37, ओडिशा में 29 और नगालैंड में 11 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान इन राज्यों में 43 लोग लापता हो गए। इसके अलावा कर्नाटक में लगभग 3.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए और राज्य के 3,521 हेक्टेयर जमीन पर लगी फसल बर्बाद हो गई। (एजेंसी इनपुट)