कर्नाटक में भारी बारिश और बाढ़ के कारण राज्य को हजारों करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सोमवार (10 अगस्त, 2020) को राजस्व मंत्री आर. अशोका ने कहा कि शुरुआती अनुमानों के आधार पर प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 3.5 से 4 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार केंद्र से तत्काल राहत की मांग करेगी। राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा कोरोना संक्रमित हैं और हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है।
ऐसे में देशभर में बाढ़ की स्थिति के आकलन के लिए पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंस में अशोका और राज्य के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई भाग लेंगे। राजस्व मंत्री ने कहा कि हमारे अधिकारियों के मुताबिक नुकसान 3.5 से 4 हजार करोड़ रुपए के बीच हो सकता है। ये अंतिम आंकड़े नहीं है। अभी तक लगभग 80 हजार एकड़ फसलों को नुकसान पहुंचा है। हमें अधिकारियों से सारी जानकारी मिल गई है और इसे पीएम मोदी के समक्ष उठाएंगे।
पीएम मोदी संग मीटिंग से पहले अशोका ने पत्रकारों से कहा कि ये अब तक सिर्फ एक अनुमान है। बाढ़ अधिक होने के चलते नुकसान भी अधिक हो सकता है। हम उनसे धन की मांग करेंगे जो तत्काल राहत उपाय करने में सहायक होगी और लोगों को राहत मिल सकेगी।
प्रदेश के मलनाड, तटीय और आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन हुआ है। इससे लोगों का जीवन और संपत्तियां प्रभावित हुई हैं। इधर राज्य के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री को विभिन्न जिलों में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी। हम पीएम मोदी को स्थिति से अवगत कराएंगे और अधिक से अधिक राहत पाने की कोशिश करेंगे।