मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (MP CM Shivraj Singh Chouhan) ने “लाडली बहना योजना” की शुरुआत की है। इस योजना के तहत प्रदेश की सवा करोड़ महिलाओं को ₹1000 हर महीने मिलेंगे। मध्यप्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और यह योजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं इस योजना को लेकर एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ (MP Former CM Kamalnath) ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस सरकार बनने के बाद महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये
कमलनाथ ने कहा कि अब से 4 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी और मध्य प्रदेश की हर महिला को 1500 रुपए हर महीने और 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। यही नहीं कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान पर झूठ की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सौदेबाजी कर रहे हैं।
कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा, “शिवराज जी, आदर, सम्मान और स्नेह कि कभी बोली नहीं लगाई जाती। इसमें कोई मोल-भाव नहीं होता। यह हृदय और भावना के विषय हैं। लेकिन कल जिस तरह से लाडली बहना योजना में आपने रकम बढ़ाने के दावे किए वह किसी भाई का प्रेम नहीं बल्कि किसी सौदागर की सौदेबाजी लग रही थी। इस तरह बोली लगाना मध्यप्रदेश की परंपरा नहीं।”
कमलनाथ ने आगे लिखा, “मध्य प्रदेश भारत का हृदय प्रदेश है। हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ते जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं। लेकिन आपका भी कोई कसूर नहीं है, सौदेबाजी की सरकार सौदेबाजी की भाषा ही बोल सकती है। आपका आत्मविश्वास हिल चुका है। प्रदेश की समस्त जनता और नारी शक्ति आपके झूठ को समझ चुकी है। सौ बार झूठ को दोहराने से वह सत्य नहीं हो सकता।”
शिवराज सरकार सौदेबाजी कर रही: कमलनाथ
कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की बहनें सौदेबाजी की सरकार की सौदेबाजी की घोषणाओं पर विश्वास नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, “महिलाओं को पता है कि 4 महीने बाद कांग्रेस सरकार बनेगी और उन्हें नारी सम्मान योजना में रुपए 1500 हर महीने और ₹500 में गैस सिलेंडर मिलेगा। बहनों के परिवारों को 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट हाफ मिलेगी। प्रदेश की नारी को समग्र सम्मान मिलेगा। जय नारी, जय मध्यप्रदेश।”