यूपी पुलिस ने कानपुर देहात की महिला जज प्रतिभा गौतम की मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है। कानपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने कहा कि जज के पति मनु अभिषेक ने ही पत्नी की हत्या की और फिर उसे आत्महत्या दिखाने की साजिश रची है। सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर माथुर ने कहा कि वारदात से पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनु अभिषेक पत्नी प्रतिभा पर अबॉर्शन कराने का दबाव बना रहा था। उन्होंने कहा कि मनु अभिषेक के व्हाट्सएप मैसेज से इस बात का खुलासा हुआ है। जज तीन महीने की गर्भवती थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। इस बीच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि प्रतिभा की मौत गला घोटने से हुई है। इसके अलावा उसके शरीर पर कई जगह चाकुओं से कटे के निशान पाए गए हैं। प्रतिभा के गले पर चाकुओं के 5 निशान भी पाए गए हैं। इसके अलावा उसकी दोनों कलाई पर भी चाकुओं से 6 और 8 निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि अभिषेक ने प्रतिभा की हत्या करने के बाद उसके शव को पंखे से लटकाकर उसे सुसाइड दिखाने की कोशिश की है।
पुलिस का कहना है कि हत्यारा शातिर और चालाक है। फिलहाल पुलिस घर के नौकर और ड्राइवर को ढूंढ़ रही है जो अभी गायब है। पुलिस को मौका-ए-वारदात से शराब की बोतल भी मिली है। दूसरी तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने के बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर दलजीत चौधरी ने पति मनु अभिषेक की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि 30 वर्षीया प्रतिभा गौतम प्रेग्नेंट थीं। प्रतिभा ने अपने परिवर के खिलाफ जाते हुए जनवरी 2016 में प्रेमी मनु अभिषेक से शादी की थी।
वीडियो देखिए: स्पीड न्यूज
मनु अभिषेक ने कैंट थाने में जाकर पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी का शव पंखे से लटका हुआ है। उसी ने बताया कि काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब नहीं खुला तो उसने दरवाजा तोड़ दिया, जिसके बाद अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। मनु ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच कोई अनबन नहीं थी। पुलिस फिलहाल पति मनु को हिरासत में लेकर दफा 302 और 304 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अपनी जांच कर रही है। दोनों ने 29 जनवरी 16 को आर्य समाज से प्रेम विवाह किया था। मनु दिल्ली हाईकोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस करता है।
Read Also-इस गांव की सीमा में नहीं है महिलाओं को बच्चा पैदा करने की इजाजत
