पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद विभिन्न राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आ रही हैं। रांची में विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की गई, जिसमें बिहार के मंत्री नितिन नवीन भी फंस गए और अपनी जान बचाकर किसी तरह वहां से निकले।

दरअसल, बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के काफिले पर हमला कर दिया। वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी गाड़ी पर पत्थबाजी की गई। इसमें उनकी बाल-बाल जान बची। पुलिस की मदद से उन्हें सुरक्षित वहां से निकाला गया।

रांची में हिंसक घटनाओं के चलते कर्फ्यू लगा दिया गया है और इंटरनेट सेवाएं भी प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा, तनाव बढ़ने के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुलिस को भी निशाना बनाया और दुकानों व धार्मिक स्थलों पर भी पत्थरबाजी की गई। इसके विरोध में हिंदू संगठन भी सड़कों पर उतर आए हैं। इसके चलते शहर में तनाव पूर्ण स्थिति बनी हुई है इसलिए राज्य प्रशासन काफी सावधानी बरत रहा है।

गौरतलब है कि पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बंगाल, पंजाब, झारखंड और बिहार में हिंसक विरोध प्रदर्शन की घटनाएं हुई हैं। जुमे की नमाज के बाद दिल्ली की जामा मस्जिद में सैकड़ों लोगों ने इकट्ठा होकर विवादित टिप्पणी पर विरोध जताया है और प्रदर्शनकारी नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

उधर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, प्रयागराज में भी विरोध प्रदर्शन हुए। इसे देखते हुए लखनऊ पुलिस सतर्कता बरत रही है। पुलिस प्रशासन ने यहां 144 लागू कर दी है। वहीं, बंगाल के हावड़ा में भी प्रदर्शन हुआ और पंजाब के लुधियाना की जामा मस्जिद के आह्वान के बाद पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया गया।