दिल्ली में हो रहे ISSF World Cup 2019 में जयपुर की अपूर्वी चंदेला ने गोल्ड मेडल पर निशाना साधा है। यह कारनामा उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में किया। बता दें कि अपूर्वी देश की पहली ऐसी महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
60 देशों के शूटर ले रहे हिस्सा : गौरतलब है कि दिल्ली में हो रही इस प्रतियोगिता में 60 देशों के करीब 500 निशानेबाजों ने हिस्सा ले रहे हैं। इनमें बाजी मारते हुए अपूर्वी पहले फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। इसके बाद उन्होंने सोने का तमगा अपने नाम लिखवाकर इतिहास रच दिया।
क्वालिफाइंड राउंड में चौथे नंबर पर थीं : फाइनल के लिए हुए क्वालिफाइंड राउंड में अपूर्वी चौथे नंबर पर रही थीं। उन्होंने 629.3 पॉइंट जुटाए थे। इस राउंड में दो और भारतीय खिलाड़ी अंजुम मुदगिल और इलावेनील वैलारियन भी शामिल थीं, लेकिन वे फाइनल के लिए क्वॉलिफाई नहीं कर पाईं।
अपूर्वी के रिकॉर्ड: राजस्थान के एक छोटे से राजपूत परिवार से आई अपूर्वी चंदेला ने देश और विदेश में अनेक पदक जीते हैं। अपूर्वी राजस्थान के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी कर आगे की शिक्षा के लिए दिल्ली आ गई। दिल्ली विश्वविद्यालय से समाज शास्त्र का अध्ययन करते हुए उन्होंने वर्ष 2012 में राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद 2014 में ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में भी गोल्ड पदक और 2018 के एशियाई खेल में कांस पदक जीता था। 2015 में चंगों में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप में कांस्य पदक प्राप्त किया। उन्हें अनेक पदकों के साथ कई सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। उनके पास भारत के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार पाने का गौरव भी प्राप्त हैं।
