ट्रेन यात्रा के दौरान आमतौर पर लोग बाहर का खाना लेने की बजाए पैंट्रीकार का सामान लेना ज्यादा पसंद करते हैं। उन्हें रेलवे की ओर से खान-पान की व्यवस्था पर अधिक भरोसा होता है। लेकिन शुक्रवार को अफसरों ने एक ट्रेन के पैंट्रीकार का अचानक निरीक्षण किया तो उसमें गंभीर खामियां और लापरवाही दिखीं। खाना बनाने में गंदे पानी का प्रयोग किया जा रहा था। रसोई में गंदगी की भरमार मिली। सामानों की क्वालिटी भी खराब मिली। अफसरों ने इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों की सेहत के साथ लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
यात्रियों को नहीं दिया जा रहा था खाने का बिल : भिवानी से मालदा टाउन जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस के डाउन साइड ट्रेन की पेंट्रीकार में शुक्रवार को फैजाबाद के वाणिज्य निरीक्षक अजय सिंह और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कौशल किशोर की संयुक्त टीम ने छापा मारा। निरीक्षण में पेंट्रीकार में चौतरफा गंदगी मिली। कर्मचारियों की यूनीफार्म भी साफ नहीं थी। भोजन बनाने के लिए दो ड्रम पानी खुला रखा हुआ था, वह गंदा दिखा। खाना बनाने का कच्चा सामान भी खराब गुणवत्ता का था। यात्रियों को खाने का बिल भी नहीं दिया जा रहा था। उच्च श्रेणी में यात्रा करने वालों ने ओवरचार्जिंग की शिकायत की। वहां नो बिल नो पेमेंट का कोई स्टीकर भी नहीं लगाया गया था। वाणिज्य निरीक्षक ने बताया कि कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
Hindi News Today, 26 October 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
‘जनता खाने’ का पैकेट भी नहीं मिला : निरीक्षण में आम गरीब यात्रियों के लिए 15 रुपए में मिलने वाला जनता खाना भी गायब था। रेलवे के नियम के मुताबिक सभी ट्रेनों की पैंट्रीकारों में जनता खाना के पैकेट रखना अनिवार्य है। शुक्रवार को निरीक्षण में अफसरों को जनता खाना का पैकेट नहीं मिला। अफसरों ने बताया कि अनियमितता की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अचानक जांच करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत फरक्का एक्सप्रेस में जांच की गई।
अनियमितता से खुलीं अफसरों की आंखें : फरक्का एक्सप्रेस में मिली अनियमितता से अफसरों की आंखे खुल गईं। उन्होंने आशंका जताई कि दूसरी ट्रेनों में भी यही हाल होगा। इसलिए जांच अभियान आगे भी चलता रहेगा। आम तौर पर ट्रेनों की पैंट्रीकारों में भोजन को गुणवत्तायुक्त और सफाई से बनाए जाने का नियम है। लेकिन जिस तरह की लापरवाही फरक्का एक्सप्रेस में दिखी उससे यात्रियों का रेलवे के खानपान सेवा से भरोसा टूट सकता है।

