झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए एक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। घटना शनिवार तड़के 4 बजे पैती थाना क्षेत्र के पास नेशनल हाइवे-33 पर हुई बताई जा रही है। इस हादसे में एक ट्रक और इनोवा के बीच भीषण टक्कर हुई जिसमें 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जब यह हादसा हुआ उस समय इनोवा कार में सवार परिवार बिहार से रांची स्थित अपने घर लौट रहे थे। चश्मदीदों के मुताबिक ट्रक से हुए भीषण टक्कर में इनोवा के परखच्चे उड़ गए।
हालत इतनी खराब थी कि तीन घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों की पहचान सत्यनारायण सिंह (73), अजीत कुमार सिंह (28), मंटू कुमार सिंह (32), सरोज सिंह (30), सुबोध कुमार सिंह, कली कुमारी (13), बेटा रौनक कुमार (4), सुबोध की बेटी रूही कुमारी (7), अंचल पांडेय (33) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे। घटना के बाद से ट्रक ड्राइवर फरार है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लौटते वक्त हुआ हादसाः जानकारी के अनुसार मंटू कुमार सिंह के चार वर्षीय पुत्र रौनक का आरा में मुंडन था। यहीं से सभी लोग इनोवा में सवार होकर वापस रांची आ रहे थे, इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में मरने वाले लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। मृतक सुबोध कुमार सिंह धुर्वा टंकी साइड के रहने वाले थे। चश्मदीदों के मुताबिक शुरुआत में इस सड़क हादसे में मारे गए लोगों की काफी देर तक शिनाख्त नहीं हो पाई। बाद में जानकारी मिली कि वे हटिया (रांची) के रहने वाले थे।
पुलिस को दी गई सूचनाः हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।