दिल्ली में रिश्तों को तार-तार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी दो महीने की बेटी को कई बार बेचा। हालांकि, दिल्ली पुलिस और दिल्ली महिला आयोग ने आखिरकार 10 घंटे के ऑपरेशन के बाद बच्ची को बचा लिया। पुलिस ने लड़की के पिता को भी उसे बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली नॉर्थ की डीसीपी मोनिका भारद्वाज के मुताबिक, “पिता ने बताया है कि उसकी दो बेटियां दिव्यांग हैं। इसलिए तीसरी बेटी के पैदा होने के बाद वह उसे बेचने निकल गया। पिता ने कहा है कि उसके पास बड़ी बेटी की दवाओं के लिए पैसे नहीं थे और छोटी लड़की की जिंदगी बेहतर करने के लिए वह नवजात को बेचने निकला था।” बताया गया है कि पिता ने बेटी को मनीषा नाम की एक महिला को बेच दिया।
पुलिस का कहना है कि मनीषा ने यह बच्चा मित्तल नाम के एक युवक को बेचा था, जिसके बदले उसे 80 हजार रुपए मिले थे। इसके बाद मित्तल ने इस बच्चे को एक अन्य महिला की मदद से मंजू को बेचा था। हालांकि, पुलिस ने हौज काजी से बच्ची को छुड़ा लिया।
दिल्ली महिला आयोग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें बुधवार रात 8 बजे दिल्ली के महिला पंचायत समूह से खबर मिली थी कि एक आदमी ने 40 हजार रुपए में अपनी नवजात बच्ची एक महिला को बेच दिया। महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने बताया कि हमने बुधवार रात से ही कई जगहों पर छापा मारा और लड़की को ढूंढ निकाला। पुलिस ने गुरुवार सुबह 10.30 बजे छुड़ाया गया। इसके बाद लड़की को उसकी मां को सौंप दिया गया, जो घरों में काम करती है।