Prophet Remark: हैदराबाद के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और स्वघोषित सामाजिक और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता सैयद अब्दाहू कशफ को गिरफ्तार किया गया है। सैयद कशफ ने तेलंगाना के निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह की पैगंबर पर टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ ‘सर तन से जुदा’ का नारा लगवाया था।

DCP (साइबर अपराध शाखा) ने कहा कि सैयद के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। दरअसल, सोमवार को सैयद अब्दाहू कशफ ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ‘सर तन से जुदा’ के नारे लगाए गए थे। साथ ही उसने लोगों से हैदराबाद में दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी कार्यालय के बाहर टी राजा सिंह के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने का आग्रह भी किया था।

कशफ ने खुद स्वीकारी नारे लगाने की बात: जिसके बाद टी राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद पर उनकी टिप्पणी के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उसी दिन उन्हें जमानत भी मिल गई थी। टी राजा सिंह की गिरफ्तारी के बाद, सैयद कशफ ने उनकी ईशनिंदा वाली टिप्पणियों के विरोध में ‘सर तन से जुदा’ के नारे का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की थी। साथ ही उसने इस पर कोई खेद भी नहीं व्यक्त किया था। सैयद कशफ ने कहा था, “इसके विरोध में मैंने खुद ‘सर तन से जुदा’ के नारे का इस्तेमाल किया। जिसके बाद हैदराबाद पुलिस की तरफ से ये कार्रवाई की गई है।

पैगंबर के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भुगतनी होगी सजा: कशफ ने कहा, “इसके विरोध में मैंने खुद इस नारे का इस्तेमाल किया। मेरा कुछ असंवैधानिक करने का कोई इरादा नहीं था। मेरा मकसद यह था कि जो व्यक्ति पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ गाली देता है या अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है, उसे ‘सर तन से जुदा’ की सजा भुगतनी होगी। यह मेरा धार्मिक विश्वास है।” जब उससे इस तरह की नारेबाजी के परिणाम के बारे में पूछा गया तो सैयद ने कहा कि हैदराबाद पूरी तरह से हमारे नियंत्रण में है।

तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए 23 अगस्त 2022 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भाजपा ने कार्रवाई करते हुए उन्‍हें पार्टी से न‍िलंब‍ित कर द‍िया था। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ घंटों के भीतर रिमांड वापस करने के बाद उन्हें जमानत दे दी गयी थी। टी राजा सिंह के पैगंबर मोहम्मद पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाला एक वीडियो वायरल होने के बाद हैदराबाद के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इस दौरान कई जगह सर तन से जुदा के नारे भी लगे।