एक महिला की दहेज की खातिर उत्तर प्रदेश के एक गांव में उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। यह घटना शामली जिले में खेरीकेरमू गांव की है। पुलिस ने बताया कि महिला का शव कल घर में पंखे से लटका मिला था जिसके बाद उसके पिता ने उसके पति कंवरपाल और उसके ससुराल वालों सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि महिला के ससुराल वालों का दावा है कि उसने खुदकुशी की है।

इस बीच, एक अन्य मामले में, पुरकाजी थाने के अंतर्गत आने वाले भुराहेड़ी गांव से दहेज की खातिर महिला की हत्या करने के आरोप में उसके पति और ससुर को कल गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वसीम और उसके पिता हशीम को दहेज के लिए 28 नवंबर को गुलिस्ता की पंखे से लटका कर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां तीन दिसंबर को उसकी मौत हो गई। मामले में अन्य सात आरोपी फरार हैं।