हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार को 3 किमी तक बस में खड़े होकर सफर करना पड़ा। दरअसल विपिन परमार ने मोरला में सरेड़ से पालमपुर एचआरटीसी की नई बस सेवा की शुरुआत की जिसके बाद वो इस ही बस में मोरला से वृंदावन तक यात्रियों के साथ चल पड़े। बस में सीट न होने की वजह से उन्होंने खड़े होकर की सफर किया। हालांकि वो अकेले नहीं थे और उनके साथ भाजपा के कुछ और नेता भी शामिल थे। साधारण बस में अपने साथ स्वास्थ्य मंत्री को देख यात्री भी काफी खुश नजर आए। वहीं विपिन ने भी अपनी इस यात्रा को काफी अच्छा बताया।

जनता को मिला पक्की सड़क का तोहफा..
यात्रा के दौरान विपिन ने बस में बैठी सवारियों से बातचीत की और समस्याएं भी पूछीं। परमार ने कहा कि प्रदेश में 1100 किमी सड़कों को पक्का करने और सड़कों में जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। वहीं इस वित्त वर्ष में प्रदेश में सड़कों, पुलों आदि के निर्माण पर 4082 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही इस साल 600 किमी. सड़कों और 35 पुलों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

 

बस्तियों तक जोड़ी जाएंगी सड़के..
विपिन ने ग्राम पंचायत मैंझा में मुख्यमंत्री सड़क योजना में बनने वाली सिद्धपुर सरकारी से मोहरला होते हुए घडरोल तक के लिए सड़का का भूमिपूजन भी किया। इस सड़क से मोरला, भरेड़ जैसे कई गावों को फायदा होगा। इस सड़क निर्माण पर करीब 38 लाख रुपए खर्च होंगे। वहीं विपिन ने ये भी बताया कि गांवों- बस्तियों को शहर से जोड़ने के लिए 22 नई बसें चलवाई जाएंगी।