मुंबई गोवा हाईवे पर बना पुल गिरने के बाद हिमाचल प्रदेश से भी एक पुल गिरने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक 44 साल पुराना पुल ताश के पत्तों की तरह तेज लहरों में बह जाता है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले का है। वीडियो को वहीं के लोगों ने मोबाइल से शूट किया था। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुल के पूरे 10 खंबे पानी में बह गए थे। हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं है। वहां के प्रशासन को पहले से ही अंदेशा हो गया था कि पुल की हालत खराब है इसलिए उन्होंने पहले ही उसे बंद कर दिया था। यह पुल हिमाचल प्रदेश और पंजाब को जोड़ने का काम करता था। इसपर सामान्य दिनों में भी भारी ट्रैफिक रहता था।

खैर इस मामले ने राज्य सरकारों के कान खड़े कर दिए हैं। दो हफ्तों के अंदर यह पुल गिरने का दूसरा मामला है। इस तरह की घटनाएं यह दिखाती है कि पुरानी इमारतों का राज्य सरकारों द्वारा ठीक से ख्याल नहीं रखा जा रहा। वहीं मुंबई के महाड़ में हुए हादसे में अबतक 26 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके साथ ही एक बस के मलबे को भी ढूंढ लिया गया है। गोताखोर रोज लगभग 12 से14 घंटे लोगों को ढूंढने के काम में लगे रहते हैं। जो पुल गिरा था वह अंग्रेजों के जमाने का था। उसपर भी काफी ट्रैफिक रहता था।