Brij Bhushan Sharan Singh On Akhilesh Yadav: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि अखिलेश यादव धर्म विरोधी नहीं हैं। वह श्रीकृष्ण के वंशज हैं और उन्होंने हाल ही में भव्य मंदिर बनवाया है।

संत कबीर नगर के मगहर में एक कार्यक्रम में बीजेपी के नेता बृजभूषण सिंह ने कहा, ‘अखिलेश यादव धार्मिक व्यक्ति हैं। वह हनुमान जी की प्रशंसा करते थे। अभी अखिलेश यादव ने एक बहुत बढ़िया मंदिर भी बनाया है और अखिलेश यादव श्रीकृष्ण के वंशज है तो वो धर्म का विरोध कैसे कर सकते हैं। वो थोड़ा बहुत जो करते हैं वो मजबूरी में करते हैं। इस बात को गौर से समझिए।’

अखिलेश यादव धर्म विरोधी नहीं- बृजभूषण सिंह

भारतीय जनता पार्टी के नेता ने आगे कहा, ‘वो यह सब मजबूरी में करते हैं। वह धर्म के विरोधी नहीं हैं। यह सब कुछ मजबूरी उनसे करवा रही है। सनातन के नाम पर लड़ाई की जा रही है। मनुस्मृति के नाम पर लड़ाई की जा रही है। जिन्होंने मनुस्मृति को कभी दूर से भी नहीं देखा, वो मनु की आलोचना कर रहे हैं। जिन्होंने मनु को कभी पढ़ा नहीं वे मनु की आलोचना कर रहे हैं।’ बृजभूषण ने इटावा में कथावाचक के साथ हुई मारपीट की घटना को भी गलत बताया। उन्होंने कहा, ‘कथा कहने का अधिकार सभी को है। जो लोग शूद्र होने के आधार पर कथावाचक की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें वेदव्यास और विदुर की जीवनी पढ़नी चाहिए।’

यादव-ब्राह्मण सियासी विवाद से कितने बदलेंगे चुनावी समीकरण?

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला था हमला

यूपी में कथावाचक की पिटाई को लेकर सियासत चरम पर है। इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था, ‘कुछ लोग हैं जो भागवत कथाओं पर अपना एकाधिकार बनाए रखना चाहते हैं। अगर हर कोई भागवत कथा सुन सकता है, तो हर कोई इसका पाठ क्यों नहीं कर सकता? अगर भगवान कृष्ण के सच्चे भक्तों को भागवत कथा सुनाने से रोका जाता है, तो कोई भी इस अपमान को क्यों बर्दाश्त करेगा।’ सपा चीफ ने धीरेंद्र शास्त्री पर भी तंज कसा था और कहा था, ‘कई कथावाचक हैं जो 50 लाख रुपये लेते हैं। किसी की हैसियत है कि धीरेंद्र शास्त्री को कथा के लिए अपने घर पर बुला ले। वो बाबा अंडर टेबल पैसे लेगा। आप पता करवा लीजिए कि वो धीरेंद्र शास्त्री अंडर टेबल पैसे नहीं लेते हैं। कथावाचन की पता नहीं कितनी कीमत होगी। फ्री थोड़े ही है।’ पढ़ें पूरी खबर…