जलजमाव के कारण गुड़गांव के भारी यातायात जाम का सामना करने के बीच शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से स्थिति से निपटने के लिए अविलंब कदम उठाने को कहा। भारी वर्षा की वजह से एनएच-8 पर जलजमाव के कारण यातायात बुरी तरह जाम हो गया जिससे आॅफिस जाने वाले हजारों लोग और अन्य यात्री गुड़गांव में फंसे हुए थे। मजबूर होकर अधिकारियों को गुड़गांव में स्कूलों को बंद करना पड़ा जबकि कुछ कार्यालयों ने भी छुट्टी घोषित कर दी।
नायडू ने संसद के बाहर कहा, ‘‘मैंने हरियाणा के मुख्यमंत्री से बातचीत की और उनसे कहा कि यह एक महत्वपूर्ण शहर है और इसपर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान जा रहा है। जाम को हटाने के लिए सभी कदम उठाए जाने चाहिए। राज्य प्रशासन आपात आधार पर समस्या को देख रहा है।’’ नायडू ने कहा, ‘‘गुड़गांव में स्थिति जलजमाव और कुछ नालों के काम नहीं करने की वजह से बिगड गयी है। कुछ नाले गुड़गांव की तरफ से तो कुछ नाले दिल्ली की तरफ से काम नहीं कर रहे हैं। सरकार उन नालों को यथाशीघ्र साफ करने के लिए प्रयास कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा के मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा कि वह सर्वोच्च स्तर पर मुद्दे को उठा रहे हैं और समूचे प्रशासन को यातायात जाम को खत्म करने के लिए अलर्ट किया है। कुछ दीर्घकालिक उपायों की भी योजना बनाई जा रही है और भविष्य के लिए उसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।’’ केंद्रीय मंत्री और फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि गुड़गांव में यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए केंद्र सभी कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह :जाम: पुरानी समस्या है। लेकिन हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद हमने गुड़गांव को यातायात जाम से मुक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। काम पहले ही शुरू किये गए हैं और इसके लिए निविदा की प्रक्रिया चल रही है।’’
