Nayab Singh Saini Death Threat: एक बार फिर मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे नायब सिंह सैनी को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह जानकारी सामने आते ही पुलिस प्रशासन और पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और एफआईआर भी दर्ज की है। आरोपी की पहचान जींद जिले के देवरड़ गांव निवासी अजमेर के रूप में हुई है।
बताना होगा कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में नायब सिंह सैनी को ही सीएम का चेहरा बनाया था और पार्टी ने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ते हुए लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। 90 सदस्यों वाली हरियाणा की विधानसभा में बीजेपी ने बहुमत से दो सीटें ज्यादा यानी 48 सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस 37 सीटें ही जीत सकी है। दो सीटों पर इंडियन नेशनल लोकदल और तीन सीटों पर आजाद उम्मीदवारों ने कामयाबी का परचम लहराया है।
खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जान से मारने की धमकी दी गई। यह व्हाट्सएप ग्रुप ‘सोमबीर राठी जुलाना हलके’ के नाम से है। इस ग्रुप में कुछ दिन पहले आरोपी ने लिखा था कि जो भी हरियाणा का मुख्यमंत्री बनेगा, मैं उसे गोली मार दूंगा जिस तरह से महात्मा गांधी को गोडसे ने गोली मारी थी।
हरियाणा के चुनाव में क्यों ‘बेअसर’ रहा इनेलो और जेजेपी का जाट-दलित समीकरण वाला गठबंधन?
बताना होगा कि सोमबीर राठी पहलवान और जुलाना हलके से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतीं विनेश फोगाट के पति हैं। पुलिस इस मामले में अजमेर से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही यह मामला संज्ञान में आया युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
लाडवा सीट से चुनाव जीते हैं सैनी
नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से जीत हासिल की है। उन्हें इस साल मार्च में हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया गया था। सैनी ने विधानसभा चुनाव के दौरान ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं की। बीजेपी की जीत में सैनी की लोकप्रियता को एक बड़ी वजह माना जा रहा है। सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं और यह हरियाणा में सबसे बड़ा जातीय समूह है।
