उत्तर प्रदेश के हरदोई में बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार सुबह शादी से वापस लौट रही बारातियों से भरी एक बोलेरो की बस से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। हादसा सोमवार तड़के मल्लावां क्षेत्र में कटरा बिल्हौर हाईवे पर गौरी चौराहे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार बाराती बघौली से कानपुर वापस जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 3 बजे का बताया जा रहा है। मल्लावां के ग्राम खेरवा निवासी नरेशचन्द्र कानपुर के चौबेपुर में अपने रिश्तेदार के यहां बारात में शामिल होने गए थे। वहां से वापस आते समय मल्लावां क्षेत्र में गौरी चौराहे के पास सामने से आ रही प्राइवेट बस बेलोरो से टकरा गई। हादसे में प्रतिभा 42 पत्नी छोटेलाल निवासी सेवढही थाना माधौगंज, सीमा देवी 40 पत्नी दयाराम, प्रतिमा देवी 32 पत्नी रोहित, रामलली 50 पत्नी अनिल कुमार उर्फ दिनेश निवासी ग्राम खेरवा पुरबावा कोतवाली मल्लावां व बोलेरो चालक शुभम 28 पुत्र छोटेलाल ( पुष्पेन्द्र ) निवासी ग्राम कुरसठ थाना माधौगंज की मौत हो गई। वहीं विमला 40 पत्नी मानसिंह, केशव 12 पुत्र रोहित, शौर्य 10 पुत्र दयाराम , अजय 12 पुत्र पुष्पेंद्र, निवासी ग्राम सेवढ़ही राम हर्ष 52 पुत्र श्री कृष्ण निवासी बांगरमऊ गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों के शव बोलेरो के अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद चारों ओर चीख पुकार मची हुई थी। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ में इलाज चल रहा है।