Har ghar Tiranga: योग गुरु बाबा रामदेव ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2022) के मौके पर हरिद्वार के बोदहेरी मोहिउद्दीनपुर गांव में एक मदरसे में तिरंगा फहराया। इस दौरान स्वामी रामदेव ने कहा कि अगले 25 सालों में हम हमारी सनातन परंपरा से भारत को विश्वगुरु बनाएंगे। इस दौरान तिरंगा अभियान पर उन्होंने कहा कि 2047 तक चलेगा पेलम-पेला।

बाबा रामदेव ने तिरंगा अभियान की चर्चा करते हुए कहा, “ऐसा संकल्प लेते हैं कि एक दिन नहीं आजादी के अमृत महोत्सव से लेकर जब शताब्दी वर्ष मनाएंगे तब तक हर घर, हर छत पर तिरंगा लहराएंगे। घर-घर, हर घर रहेगा तिरंगा, 2047 तक चलेगा ये पेलम-पेला।”

वतन के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने का जज्बा: झंडा फहराने के बाद मीडिया से बात करते हुए बाबा रामदेव ने कहा, “राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संप्रभुता का ये संगम है। एक तरफ हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे गूंज रहे हैं और वतन के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने का जज्बा जाग रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव का इससे सुहाना दृश्य और क्या हो सकता है।”

भारत को विश्वगुरु, सुपरपावर बनाएंगे: मदरसे में झंडा फहराने के सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा, “ये कोई नई परंपरा नहीं है। यही हमारी सनातन परंपरा है कि हम सब मिलजुल कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और एकता के लिए, साथ ही राष्ट्र के गौरव और वैभव को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम सब मिलकर आजादी के अमृत महोत्सव से लेकर आजादी के शताब्दी वर्ष तक भारत को इतनी ऊंचाई तक लेकर जाएंगे कि सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा… इस बात को मूर्त रूप देकर भारत को दुनिया की महाशक्ति, परम वैभवशाली, जगतगुरु, विश्वगुरु, सुपरपावर बनाएंगे।”

सोशल मीडिया पर भड़के लोग: सोशल मीडिया पर भी बाबा रामदेव का ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। कई यूजर्स ने रामदेव की भाषा पर भी सवाल उठाए। रवि (@RAVIRAN16999424) नाम के यूजर ने लिखा, “क्या पेलम पेला संसदीय और मर्यादित शब्दों में आता है?” एक ट्विटर यूजर (@sharanu_ja) ने लिखा, “उन्होंने कहा था कि मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो पेट्रोल-डीजल-एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम घटेंगे। अब सारे दाम बढ़ रहे हैं, इस फर्जी गुरु के बयान पर विश्वास न करें।”