Valentine’s Day 2019: एक तरफ पूरी दुनिया प्यार का पर्व वेलेंटाइंस-डे मना रही है तो दूसरी तरफ तेलंगाना में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेलंगाना के मेडचल स्थित कंडाला कोया पार्क में बजरंग के कार्यकर्ताओं को एक प्रेमी जोड़ा मिला था। उन्होंने वहीं पर युवक-युवती की जबरन शादी करवा दी और इसके बाद घर भेज दिया। बजरंग दल ने वेलेंटाइंस-डे सेलिब्रेशन पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है।
‘भारतीय युवाओं को भटका रही विदेशी संस्कृति’: शादी करवाने के बाद बजरंग दल के एक कार्यकर्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘हम पब संस्कृति और वेलेंटाइंस-डे का विरोध कर रहे हैं। ये हिंदू संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं हैं।’ उल्लेखनीय है कि इससे पहले बजरंग दल ने ऐलान किया था कि 14 फरवरी के दिन जो भी प्रेमी जोड़े पार्क में पकड़े जाएंगे वे उनकी शादी करवा देंगे। उन्होंने विदेशी संस्कृति से भारतीय युवाओं को भटकाने का आरोप लगाते हुए इस तरह के दिवस मनाए जाने पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की और जमकर नारेबाजी की।
खुद ही बनाया वीडियो और कर दिया वायरलः बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उनकी शादी करवाने की इस घटना का खुद ही वीडियो भी बनवाया। लड़के को जबरन लड़की को मंगलसूत्र पहनाने पर मजबूर किया गया। इस दौरान वहां कई युवक मौजूद थे। किसी ने भी इस घटना का विरोध नहीं किया। इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं।