सोमवार सुबह से लापता चल रहे विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया रात एक पार्क में बेहोश पड़े मिले जिनके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वक्त अहमदाबाद के निजी अस्पताल में तोगड़िया का इलाज चल रहा है। प्रवीण तोगड़िया सोमवार को दिनभर लगभग 11 घंटे लापता रहे। तोगड़िया को लेकर गुजरात से लेकर राजस्थान तक में हड़कंप मचा रहा। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक तोगड़िया विश्व हिंदू परिषद के मुख्यालय से सुबह 10:45 बजे एक रिक्शे से निकले थे। उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मी को भी साथ आने से मना कर दिया था। तोगड़िया को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली है। इसके बावजूद वे अकेले ही निकल गए।

10 साल पुराने एक मामले में राजस्थान पुलिस तोगड़िया को गिरफ्तार करने अहमदाबाद पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि श्रीगंगानगर पुलिस वारंट लेकर उनके घर गई जरूर लेकिन वह मिले नहीं। तोगड़िया के लापता होने पर वीएचपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश पनपने लगा। उनका कहना था कि राजस्थान पुलिस तोगड़िया को वीएचपी दफ्तर से अपने साथ ले गई थी। प्रवीण तोगड़िया का अगले कुछ घंटों तक कोई सुराग न मिलने पर वीएचपी कार्यकर्ता बेकाबू होने लगे। गुजरात के कई जगहों पर प्रदर्शन होने लगे।

देर शाम करीब 9 बजे के लगभग प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद के शाही बाग इलाके में एक पार्क के अंदर बेहोश पड़े मिले। उन्हें वहीं पास के चंद्रमणि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनके शऱीर में शुगर लेवल कम होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए।