गुजरात के आणंद जिले में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई के व्हाट्सएप ग्रुप से पोर्न सामग्री साझा की जा रही थी। इस खबर से पार्टी में हलचल बढ़ गई है। ग्रुप के कुछ सदस्यों के द्वारा अश्लील सामग्री साझा किए जाने से सोजित्रा तालुका के ग्रुप एडमिन सोहन पटेल भी जांच के घेरे में आ गए हैं। सोहन पटेल भाजपा की आईटी सेल के कंवीनर भी हैं। सोहन पटेल ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी सामग्री की मौजूदगी के कारण मैं शर्मसार हूं।
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सोहन पटेल ने कहा, ”पार्टी के कार्यालय पदाधिकारियों ने ये ग्रुप बनाया था। बाद में, जैसे—जैसे जिले के हिसाब से ग्रुप बनते चले गए, अन्य कार्यालय पदाधिकारी ग्रुप को छोड़ते चले गए। जबकि मैं ग्रुप का एडमिन बना ही रहा।” उन्होंने कहा कि हाल ही में मेरी जानकारी में ये बात आई कि कुछ अज्ञात लोग जो पहले से ग्रुप में जुड़े हुए हैं ऐसे लिंक साझा कर रहे हैं। बाद में मैंने उनमें से एक को हटा दिया।”
अपनी सफाई में सोहन पटेल ने कहा,” कुछ लोगों को हटाने के बाद भी ग्रुप में अश्लील सामग्री पोस्ट होना बंद नहीं हुआ। बाद में पता चला कि ग्रुप के कुछ सदस्य जिनके नंबर भारत से बाहर के थे, वह भी इस ग्रुप के सदस्य थे और वही अश्लील सामग्री ग्रुप में पोस्ट कर रहे थे। उन्हें भी मैंने ग्रुप से निकाल दिया है।” पटेल ने कहा कि मैं पार्टी को दोबारा ऐसी किसी भी शर्मिंदगी से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी अपनाऊंगा। भविष्य में सिर्फ वही सदस्य ग्रुप का हिस्सा बनेंगे जिन्हें हम व्यक्तिगत रूप से जानते होंगे।