गुजरात में अवैध शराब पकड़वाने वाली कांग्रेस विधायक के खिलाफ ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद कांग्रेस विधायक ने कहा कि वो विधानसभा में इस मुद्दे को उठाएंगी और सभी को शराबबंदी की हकीकत बताएंगी।

गुजरात में शराबबंदी कानून लागू है। यहां शराब बेचना और खरीदना दोनों जुर्म है, लेकिन यहां भी अवैध शराब के भंडार मिलते रहे हैं। कांग्रेस, बीजेपी सरकार पर इस मुद्दे पर फेल रहने का आरोप लगाती रही है। इसी मुद्दे को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद बढ़ता दिख रहा है।

हाल ही में बनासकांठा जिले के वाव से कांग्रेस विधायक गेनीबेन ठाकोर ने जनता रेड में अवैध शराब से भरे हुए एक ट्रक को पकड़ लिया। विधायक ने बताया कि पुलिस की मिलीभगत से यहां अवैध शराब का कारोबार चलता है। जैसे ही उन्हें जानकारी मिली उन्होंने जनता के साथ धावा बोल दिया और ट्रक को पकड़ लिया।

बताया जाता है कि ट्रक को पकड़ने के बाद ड्राइवर और उसके साथी के साथ मारपीट भी की गई और उसे कुछ देर तक इनलोगों ने उसे अपने पास भी रखा । पुलिस आई तो इन आरोपियों को उन्हें सौंप दिया गया। अब पुलिस ने विधायक गेनीबेन ठाकोर के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।

केस दर्ज होने की जानकारी जब कांग्रेस विधायक को हुई तो उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आ ही जाती है। वो इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगी, ताकि जनता को भी पता चल सके कि राज्य में शराबबंदी कानून कितना सफल है। अवैध शराब पकड़े जाने से तस्कर परेशान हैं, इसलिए उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

कांग्रेस विधायक ने आगे कहा कि तस्करों के खिलाफ उनकी जंग जारी रहेगी। इस केस से उन्हें और हिम्मत मिलेगी। वो अवैध शराब के कारोबार को बंद करवा के ही मानेंगी। वहीं केस दर्ज करने को लेकर पुलिस की आलोचना भी हो रही है। लोगों का कहना है कि अवैध शराब के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उन्हें पकड़वाने वालों के खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है। हालांकि आलोचनाओं के बाद गुजरात पुलिस अब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती दिख रही है।