गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। दरअसल व्यक्ति को अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और पति ने पत्नी को क्रिकेट बैट से बुरी तरह पीट दिया। हालांकि पीड़ित महिला की हालत अब खतरे से बाहर है और अब उसने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दंपत्ति की शादी साल 2009 में उस वक्त हुई थी, जब दोनों की उम्र करीब 15 साल थी।
शादी के 2 साल बाद ही पति को पत्नी के चरित्र पर शक हो गया और दोनों के बीच झगड़ों की भी शुरुआत हो गई। आरोपी व्यक्ति को शक था कि उसकी पत्नी का उसके भाई के साथ ही अवैध संबंध हैं। पुलिस के अनुसार, दंपत्ति के 2 बच्चे हैं, जिनमें एक 9 साल और एक 4 साल का है। आरोपी को बच्चों का जैविक पिता होने पर भी शक था और वह अपनी पत्नी से इस संबंध में सवाल करता रहता था, जिससे दोनों के बीच झगड़े होते थे। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के अनुसार, बीती 1 मार्च को आरोपी पति घर पर शराब के नशे में पहुंचा और दंपत्ति के बीच फिर से झगड़ा शुरु हो गया।
इसी झगड़े में पति ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाया और पत्नि के सिर में मारना शुरु कर दिया। बुरी तरह से पीटे जाने के बाद पीड़ित महिला बेहोश हो गई। इसी बीच कुछ पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गंभीर रुप से घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। कुछ दिन अस्पताल में रहने के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी मिली, जिसके बाद पीड़िता ने इस घटना की शिकायत पुलिस में की। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर घरेलू हिंसा की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
