गुजरात के राजकोट में एक सरकारी अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। बलात्कार का आरोपी एक सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबर के अनुसार, पीड़िता और आरोपी राजकोट के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टर हैं। महिला जूनियर डॉक्टर के साथ आरोपी डॉक्टर सचिन सिंह (28 वर्ष) ने 30 अगस्त की रात अस्पताल के पांचवे तल पर स्थित एक कमरे में बलात्कार किया। हालांकि पीड़िता ने घटना के वक्त समाज में बदनामी के डर से इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं करायी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे इस घटना की शिकायत करने के लिए उसे धमकाया भी था।
आरोपी सचिन सिंह मध्य प्रदेश के छिंदवाडा़ का निवासी है, जो कि फिलहाल अहमदाबाद में रह रहा है। आरोपी ने जूनियर डॉक्टर के साथ नाइट ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के आराम करने के लिए बने एक कमरे में बलात्कार की इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पीड़ित जूनियर डॉक्टर ने अपने साथ हुई ज्यादती की शिकायत राजकोट के प्रद्युमननगर पुलिस थाने में की है। राजकोट के डिप्टी कमिश्नर मनोहरसिंह जडेजा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि शुक्रवार को महिला और उसके पिता पुलिस कमिश्नर से मिलने आए थे। हालांकि दोनों सामाजिक डर से मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते थे। बाद में पुलिस ने दोनों को शिकायत दर्ज कराने के लिए समझाया। जिसके बाद दोनों मान गए और शनिवार को दोनों ने इसकी शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को अहमदाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, पीड़िता ने 2 सितंबर को अपने साथ हुई बलात्कार की घटना के बारे में सर्जरी डिपार्टमेंट के हेड डॉ. जतिन भट्ट को बताया था। राजकोट सिविल अस्पताल के डीन डॉ. योगेश गोस्वामी का कहना है कि “पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया था कि उसके साथ मौखिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया है। इसके बाद हमने 4 सितंबर को लैंगिक उत्पीड़न कमेटी की मीटिंग बुलायी, जिसमें आरोपी डॉक्टर ने शारीरिक उत्पीड़न की बात कबूल कर ली। नियमों के मुताबिक हमने आरोपी को तुरंत 6 महीने के लिए बर्खास्त कर दिया और राज्य सरकार को इसकी जानकारी दे दी थी।” डीन ने कहा कि “हालांकि हमें इस बात की जानकारी नहीं दी गई थी कि पीड़िता के साथ बलात्कार हुआ है। यदि हमें बताया जाता तो हम यकीनन इस बारे में पुलिस को सूचित करते।”
