गुजरात सरकार ने 2016 के लिए बुधवार को अपने पर्यटन कैलेंडर की घोषणा की जिसमें पर्यटकों के लिए रण उत्सव, अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव और वाइब्रेंट गुजरात ट्रेवल मार्ट की पेशकश की गई है। वहीं गुजरात सरकार ने जनवरी 2016 से नए श्रम कानूनों को लागू करने का निर्णय किया है। गुजरात पर्यटन निगम के अध्यक्ष कमलेश पटेल ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘छुट्टी का मौसम शुरू होते ही गुजरात पर्यटन पूरे भारत के पर्यटकों के लिए स्वागत की तैयारी कर रहा है।’ पटेल ने कहा कि इस साल 18 नवंबर को शुरू हुआ रण उत्सव फरवरी 2016 में समाप्त होगा।
इस उत्सव को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से राष्ट्रीय पर्यटन का पुरस्कार हासिल हुआ है। गुजरात के श्रम मंत्री विजय रूपानी ने कहा, ‘यह दो-तीन दिनों में अधिसूचित हो जाएगा।’ उन्होंने कहा कि इस साल फरवरी में गुजरात श्रमिक कानून (गुजरात संशोधित) विधेयक 2015 पास होने के बाद इसे मंजूरी के लिए भारत सरकार और राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। नए श्रम कानूनों में न्यूनतम पारिश्रमिक अधिनियम 1948 की कुछ मूलभूत परिभाषाएं बदली जाएंगी और औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के कुछ अनुच्छेछ भी बदले जाएंगे।