राजभव में आयोजित चाय पार्टी में शामिल ना होने को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधने के बाद 24 घंटे में दूसरी बार राज्यपाल जगहीप धनखड़ ने सीएम ममता पर निशाना साधा है। उन्होंने खाली कुर्सी की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया है। सरकार और ममता बनर्जी से नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा है, ममता बनर्जी और अन्य अधिकारियों का पार्टी में शामिल ना होना हमें स्तब्ध करता है। हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की याद में आयोजित कार्यक्रम के प्रति आदर दिखाना चाहिए। मेरे पास इसके लिए शब्द नहीं है।
राजभवन में आयोजित चाय पार्टी की फोटो और वीडियो शनिवार को ट्वीट करने के बाद रविवार की सुबह धनखड़ ने एक बार फिर ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा राजभवन में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित समारोह में ममता बनर्जी ने उपस्थित न होकर बुरा उदाहरण पेश किया है। संविधान से दूर होने का एक और दर्दनाक उदाहरण।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘खाली कुर्सी बहुत कुछ बोलती है। इसने ऐसा अप्रिय माहौल बनाया जो पश्चिम बंगाल की समृद्ध संस्कृति और मूल्यों के साथ मेल नहीं खाता। ऐसा करने के पीछे कोई तर्क नहीं दिया जा सकता।’
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ से शनिवार को यहां राजभवन में ‘‘शिष्टाचार भेंट’’ की। बनर्जी के साथ मुख्य सचिव राजीव सिन्हा और गृह सचिव अल्पन बंदोपाध्याय समेत अन्य अधिकारी भी थे। रेड रोड पर स्वतंत्रता दिवस परेड का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे राजभवन पहुंचीं।
लगभग एक घंटे तक चली मुलाकात के बाद बनर्जी ने कहा, ‘‘शाम को (राजभवन में) होने वाले कार्यक्रम में हम शामिल नहीं हो पाएंगे, इसलिए रेड रोड पर आयोजित समारोह के बाद यहां आ गए, हालांकि हमने पहले से समय नहीं ले रखा था।