गोवा में बीफ खाने का काफी प्रचलन है लेकिन आजकल लोगों की थाली से बीफ गायब हो रहा है। इसे लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि जल्द इसकी सप्लाइ सुनिश्चित की जाएगी और कर्नाटक से बीफ मंगाया जा रहा है। सीएम सावंत के इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा, ‘हिंदू धर्म और हिंदुत्व में यही अंतर है कि पहले वाला सबको समाहित करता है और दूसरा वाला सिलेक्टिव है। हिंदू धर्म सच की तलाश करता है, हिंदुत्व दोगलेपन से भरा हुआ है। इसकी हर रोज नई परिभाषा गढ़ी जाती है।’
इसके बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर थरूर को जवाब भी दिया। कृष्णा नाम के यूजर ने लिखा, ‘आपको यह किसने पढ़ाया? आपको कैसे पता चला कि हिंदुत्व हिंदू धर्म से अलग है। आप जो नहीं जानते उसके बारे में लोगों को समझाना छोड़ दीजिए।’ सोशल मीडिया पर कई लोगों ने थरूर का समर्थन किया तो कई उनके विरोध में नजर आए।
दरअसल गोवा में काफी लोग बीफ खाते हैं और वहां इसे गलत नहीं माना जाता है। पिछले शुक्रवार से कई दुकानें इसलिए बंद है क्योंकि उनके पास बीफ की सप्लाइ नहीं है। एक मीट ट्रेडर ने बताया, ‘कर्नाटक में गोहत्या के खिलाफ जबसे कानून बनाया गया है, बीफ की कमी हो गई है। इसके परिणाम स्वरूप गोवंश का ट्रांसपोर्टेशन भी मुश्किल हो गया है।’
बुधवार को प्रमोद सावंत ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि पर्याप्त मात्रा में बीफ की सप्लाइ हो पाए। उन्होंने इसके लिए कैबिनेट के मंत्रियों के साथ बैठक भी की। बीफ ट्रेडर्स ने सीएम सावंत को एक ज्ञापन भी सौंपा था। राज्य में रोज लगभग 15-20 टन बीफ की खपत है। जब से राज्य में सरकार ने मीट कॉम्प्लेक्स बंद कर दिए हैं, यहां के मीट ट्रेडर कर्नाटक पर ही निर्भर हैं।
बता दें कि कर्नाटक में गोहत्या के खिलाफ कानून को विधानसभा में हरी झंडी दे दी गई है। सबसे पहले उत्तर प्रदेश ने अवैध कत्लखानों पर बैन लगाया था और गोवंश को बचाने की मुहिम छेड़ी थी। अब कर्नाटक भी इसी रास्ते पर चल रहा है। जब यह बिल विधान परिषद पहुंचा तो कांग्रेसी एमएलसी ने जमकर हंगामा किया था और डेप्युटी स्पीकर को कुर्सी से जबरन हटा दिया था।