उत्तर प्रदेश में मऊ जिला मोहम्दाबाद कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर में 15 वर्षीय लड़की को उसके मुहल्ले के तीन युवक उठाकर छत पर ले गए और कथित तौर पर छेड़खानी करने लगे। बाद में उसके शोर मचाने पर लड़कों ने उसे छत के नीचे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम हुई इस घटना में छत से फेंकने से लड़की गम्भीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज आजमगढ़ के अस्पताल में चल रहा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में मऊ के पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि पुलिस को पीड़ित लड़की के परिजनों द्वारा बताया गया कि उनकी बेटी से मुहल्ले के रहने वाले तीन युवकों ने छेड़खानी की फिर उसके साथ मार पीट कर छत से नीचे गिरा दिया। इसी के आधार पर परिजनों द्वारा तीन युवकों को मुकदमे में दर्ज कराया गया उनको तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि वलीदपुर मुहल्ले में रहने वाली एक लड़की (करीब 15 साल) अपने घर जा रही थी कि रास्ते मे ही मुहल्ले के रहने वाले शकील, शकील का भतीजा जुनैद और एक अन्य युवक मिलकर उसे छत पर घसीटकर ले गए, मारपीट की और छेड़खानी की। लड़की के शोर मचाने पर उसको छत से फेंक दिया। घुले ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, लड़की का इलाज आजमगढ़ के अस्पताल में चल रहा है।
एक अन्य मामले में फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात छेड़खानी का विरोध करने पर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि रसूलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली कक्षा 12वीं की एक छात्रा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गयी क्योंकि उसने स्कूल से आते वक्त छींटाकशी कर रहे लड़कों का विरोध किया था।
इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि रसूलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीया छात्रा शुक्रवार को दोपहर अपने स्कूल से लौट रही थी तो तीन युवकों ने उस पर छींटाकशी की। उन्होंने कहा कि लड़की ने छेड़खानी का विरोध करते हुए लड़कों को भला-बुरा कहा और अपने घर आ गई। शुक्रवार की रात वही तीनों लड़के पीड़िता के घर आ गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पटेल ने बताया कि पिता व परिवार के अन्य लोगों ने विरोध किया तो उन्होंने गोलियां चलाकर लड़की की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। परिजनों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में लड़की के परिजनों की तहरीर पर तीन युवकों मनीष यादव, सोपाली यादव व गौरव चक के खिलाफ छेड़खानी व हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पटेल ने कहा कि फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
