उत्तर प्रदेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग नदी में डॉल्फिन को मार रहे हैं। दुख की बात ये है कि लोगों ने बड़ी बेरहमी से डॉल्फिन की हत्या कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ आदमी डंडे और रॉड से मछली को पीट रहे हैं। मामलें में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यूपी के प्रतापगढ़ की पुलिस ने कहा कि ये घटना 31 दिसंबर की है। मछली को मारने वाले तीनों लोग जेल में हैं। मालूम हो कि गंगा में पाई जाने वाली डॉल्फिन एक लुप्त होती प्रजाति है। इसलिए सरकार उनका संरक्षण कर रही है। गंगा में पाए जाने वाली डॉल्फिन को मारना एक दंडनीय अपराध है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ये लोग मछली पर दनादन रॉड और डंडे बरसा रहे थे। जिसके बाद खून नदी की सतह पर नजर आने लगा। इनमें से कुछ ने तो मछली को पकड़ रखा था। जबकि कुछ डंडे बरसा रहे थे। वीडियो में एक आवाज भी सुनाई देती है जो कह रही है कि फालतू में मार रहे हो यार। पर इसके बावजूद भी ये लोग नहीं रुके।
डॉल्फिन का भयानक क़त्ल:
यू पी के प्रतापगढ़ में शारदा नहर में बह के आ गयी एक डॉलफिन को लोगों ने पीट पीट कर मार डाला।यह गंगा की डॉलफिन है,जो खत्म होने की कगार पे हैं।यह जुर्म है।तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। pic.twitter.com/QjrEi3eAiq— Kamal khan (@kamalkhan_NDTV) January 8, 2021
जैसे ही डॉल्फिन के शरीर से खून बहने लगा। एक आदमी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उसके शरीर में कुल्हाड़ी घुसा दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि इसके बाद मछली मर गई। वन विभाग के लोगों ने बाद में इस मछली को मरा हुआ पाया।
गांव के लोग मरी हुई मछली को घेरे हुए थे। जैसे ही वन विभाग के अधिकारियों ने पूछा कि ये किसने किया तो किसी ने मारने वालों का नाम नहीं लिया। एफआईआर में कहा गया कि मछली के शरीर पर कई जख्म थे। जिसमें कुल्हाड़ी मारे जाने का घाव भी था।
पुलिस ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।
