गणतंत्र दिवस समारोह में होने वाले परेड को लेकर राजपथ पर हुए अभ्यास में फ्रांसीसी सैनिकों ने हिस्सा लिया। सोमवार की सुबह सलीकेदार पोशाक में फ्रांसीसी सैनिकों की टुकड़ी ने अपना अभ्यास शुरू किया। पहली बार विदेशी सैनिक भी गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर मार्च करेंगे। इस साल के समारोह में फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद मुख्य अतिथि रहेंगे।
‘35वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट आॅफ सेवेंथ आर्मर्ड ब्रिगेड’ के 56 सैन्यकर्मियों की टुकड़ी ने हाल में राजस्थान में भारतीय सैनिकों के साथ संयुक्त अभ्यास खत्म किया है। फ्रांसीसी सैनिकों ने ‘शक्ति 2016’ नामक आतंकवाद और घुसपैठ रोधी संयुक्त अभ्यास में हिस्सा लिया।
35वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट की स्थापना फ्रांस के लॉरेन में साल 1604 में हुई थी। इस रेजिमेंट के नाम कम से कम 12 युद्ध सम्मान शामिल हैं। इस बटालियन को अल्जीरिया, अफ्रीका, इराक और अफगानिस्तान सहित अन्य स्थानों पर लड़ाई का अनुभव है।

