दिल्ली के लोग आज (सोमवार) से पिंक लाइन के चौथे सेक्शन (लाजपत नगर से मयूर विहार पॉकेट-1) पर सफर कर पाएंगे। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया ने मेट्रो भवन से हरी झंडी दिखाकर इस लाइन का औपचारिक उद्‌घाटन किया। डीएमआरसी का दावा है कि इस लाइन पर बना आश्रम मेट्रो स्टेशन दुनिया का सबसे छोटा स्टेशन है, जिससे दिल्ली वाले रूबरू हो सकेंगे। बता दें कि पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरिडोर) का पहला सेक्शन (मजलिस पार्क-दुर्गाबाई देशमुख) 14 मार्च 2018 को खोला गया था। वहीं, दूसरा सेक्शन (दुर्गाबाई देशमुख-लाजपत नगर) 6 अगस्त 2018 से शुरू हुआ। वहीं, तीसरा सेक्शन (त्रिलोकपुरी-शिव विहार) 31 अक्टूबर से चालू हो गया था।

मयूर विहार से त्रिलोकपुरी लाइन पर अब भी दिक्कत : डीएमआरसी के मुताबिक, पिंक लाइन की लंबाई 59 किमी है। ऐसे में यह दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन गई है। इसे रिंग लाइन भी कहा जा रहा है। इस लाइन के सभी सेक्शन खुलने के बाद स्थिति ऐसी है कि ट्रेनों को कम्यूनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) के नहीं दौड़ाया जा सकता। इसकी वजह मयूर विहार पॉकेट-1 और त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन के बीच 200 मीटर जमीन पर चल रहा विवाद है। ऐसे में मयूर विहार से त्रिलोकपुरी जाने वाले यात्रियों को ब्लू लाइन का इस्तेमाल करना होगा।

महज 151.6 मीटर लंबा है आश्रम मेट्रो स्टेशन : डीएमआरसी का दावा है कि दिल्ली मेट्रो के पिंक लाइन कॉरिडोर (मजलिस पार्क-शिव विहार) पर बना आश्रम मेट्रो स्टेशन दुनिया का सबसे छोटा मेट्रो स्टेशन है। इसकी लंबाई महज 151.6 मीटर है। डीएमआरसी के मुताबिक, आश्रम इलाके में जमीन के विवाद के चलते जगह कम मिली। ऐसे में स्टेशन बनाने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया। आश्रम मेट्रो स्टेशन से पहले पिंक लाइन पर बना भीकाजी कामा प्लेस मेट्रो स्टेशन (225 मीटर लंबाई) डीएमआरसी नेटवर्क का सबसे छोटा स्टेशन था। आश्रम स्टेशन पर मां और बच्चे की थीम पर आधारित आर्ट वर्क किया गया है।

 

इस सेक्शन पर 5 मेट्रो स्टेशन, इनमें तीन भूमिगत : पिंक लाइन के चौथे सेक्शन पर लाजपत नगर से मयूर विहार पॉकेट-1 तक 5 मेट्रो स्टेशन (विनोबा पुरी, आश्रम, हजरत निजामुद्दीन, मयूर विहार-1 और मयूर विहार पॉकेट-1) हैं। इनमें मयूर विहार-1 और मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन ऊपरी हैं, जबकि बाकी तीनों स्टेशन अंडरग्राउंड हैं। इस सेक्शन से आश्रम, मयूर विहार और अन्य जगहों के लोगों को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां आईएसबीटी पहुंचने में आसानी होगी।