ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हो गया है। यहां यमुना एक्सप्रेस-वे पर जीरो प्वाइंट से 25 किलोमीटर दूर एक वैन में तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। वैन में सवार लोग दिल्ली से झारखंड जा रहे थे। घटना देर रात ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वैन में सवार थे 8 लोग

घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। नोएडा से जेवर की ओर जीरो प्वॉइंट से 25 किलोमीटर दूरी पर एक ईको वैन में तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। वैन में कुल 8 लोग सवार थे। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान उपेंद्र बैठा पुत्र रामप्रीत बैठा (38), बिजेंद्र बैठा पुत्र रामप्रीत बैठा (36), कांति देवी पत्नी बिजेंद्र बैठा (30), ज्योती पुत्री बिजेंद्र बैठा (12) और सुरेश पुत्र श्रीकांत कामत बैठा (45) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान सूरज पुत्र उपेंद्र बैठा (16), आयुष पुत्र बिजेंद्र बैठा (8) और आर्यन पुत्र बिजेंद्र बैठा (10) साल बताई जा रही है। सभी जेजे कॉलोनी फेस-3 मदनपुर खादर थाना कालिंदी कुंज साउथ दिल्ली ने रहते हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि वैन में सवार सभी लोग दिल्ली से झारखंड जा रहे थे। ग्रेटर नोएडा से जेवर की ओर जाने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस की ओर से मृतकों का पंचायतनामा भर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।