देशभर में किसानों के लिए लागत और कमाई का अनुपात सबसे बड़ी चिंता का विषय है। कर्ज के बोझ तले दबे किसानों की खुदकुशी करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच महाराष्ट्र के एक किसान ने जो किया उसे जानकर किसानों की दर्दनाक हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। अहमदनगर के एक किसान ने प्याज की कीमतों में जबर्दस्त गिरावट को लेकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया है।

ढाई क्विंटल प्याज बेचकर मिले छह रुपए

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अहमदनगर के रहने वाले यस अभाले को ढाई क्विंटल प्याज बेचकर महज छह रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ। उन्होंने छह रुपए का मनी ऑर्डर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को भेज दिया। अभाले का कहना है कि संगमनेर थोक बाजार में 2657 किलोग्राम प्याज एक रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचने और बाजार के खर्च निकालने के बाद उनके पास महज छह रुपए बच पाए।

…ऐसे बचे सिर्फ छह रुपए

कुल प्याज – 2657 किग्रा
बेचकर मिले – 2916 रुपए
मजदूरी और भाड़ा – 2910 रुपए
शुद्ध मुनाफा – छह रुपए

महाराष्ट्र का सबसे ज्यादा खराब

उल्लेखनीय है कि किसानों की खुदकुशी के मामले में महाराष्ट्र की हालत सबसे खराब बताई जाती है। विदर्भ में अक्सर सूखे की मार झेलने वाले किसान कर्ज के बोझ तले मौत को गले लगा लेते हैं। पिछले साल मध्य प्रदेश में हुए किसान आंदोलन का असर महाराष्ट्र में भी काफी हद तक हुआ था। इसके अलावा किसानों का मुंबई तक का मार्च भी काफी चर्चाओं में रहा था। पिछले साल किसानों के मसले पर महाराष्ट्र की विधानसभा में भी काफी हंगामा हुआ था।