चुनाव आयोग ने आईपीएस संजय मुखर्जी को पश्चिम बंगाल क नया डीजीपी नियुक्त किया है। चुनाव आयोग ने बंगाल के डीजीपी रहे राजीव कुमार को सोमवार को हटा दिया था। उसके बाद राज्य सरकार से डीजीपी के लिए तीन नाम मांगे थे। सरकार ने चुनाव आयोग को विवेक सहाय, संजय मुखर्जी और राजेश कुमार का नाम दिया था।
राजीव कुमार को हटाने के बाद चुनाव आयोग ने डीजीपी के तौर पर विवेक सहाय को नियुक्त किया लेकिन एक दिन बाद ही संजय मुखर्जी के नाम पर स्वीकृति दे दी। संजय मुखर्जी 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पहले वह अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जब राजीव कुमार को बंगाल का डीजीपी बनाया गया था, तब संजय मुखर्जी भी डीजीपी बनने की दौड़ में थे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ था। ममता बनर्जी ने कोलकाता के पूर्व कमिश्नर राजीव कुमार को डीजीपी नियुक्त कर दिया था।
राजीव कुमार ममता के ख़ास अधिकारी
राजीव कुमार पश्चिम बंगाल के उन अधिकारियों में से गिने जाते हैं, जो ममता बनर्जी के बेहद खास माने जाते हैं। 2016 विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी चुनाव आयोग ने उन्हें मैनेजमेंट संबंधी ड्यूटी से हटा दिया था।
फरवरी 2019 में चिट फंड घोटाले को लेकर सीबीआई की टीम राजीव कुमार से पूछताछ के लिए उनके घर गई थी। उस दौरान काफी बवाल हुआ था। ममता बनर्जी ने सीबीआई के खिलाफ धरना भी दिया था। तब राजीव कुमार कोलकाता के पुलिस कमिश्नर थे।
6 राज्यों के गृह सचिव भी हटाए गए
चुनाव आयोग ने इसके अलावा छह राज्यों (गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) के गृह सचिव को भी हटाने के आदेश जारी किए थे। साथ ही मिजोरम और हिमाचल प्रदेश में सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव को भी हटा दिया गया है। इलेक्शन कमीशन ने बृहन्मुंबई नगर आयुक्त(BMC) इकबाल सिंह चहल और अतिरिक्त आयुक्तों और उपायुक्तों को भी हटा दिया है।
