दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में सवार दो यात्रियों को नशे की हालत में चालक दल और साथी यात्रियों को कथित रूप से गालियां देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बुधवार को फ्लाइट के मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
आरोपियों को थाने से ही मिल गई जमानत
मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया कि इंडिगो फ्लाइट के दो यात्रियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 (दूसरों के जीवन और सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए) और विमान नियमों की धारा 21,22 और 25 के तहत नशे में होने और चालक दल के साथ बुरा व्यवहार करने के आरोप में सहार पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था। दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन धाराएं जमानती होने के कारण उन्हें थाने से ही जमानत दे दी गई थी। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।
ड्यूटी-फ्री दुकान से लाए गए शराब पीकर जश्न
डीसीपी गेदाम ने कहा, “दोनों आरोपी पालघर और कोल्हापुर के नालासोपारा के रहने वाले हैं। वे खाड़ी देशों में एक साल तक काम करने के बाद मुंबई लौट रहे थे। इसलिए ड्यूटी-फ्री दुकान से लाए गए शराब पीकर जश्न मना रहे थे।” पुलिस अधिकारी ने कहा, ” फ्लाइट में जब साथ वाले यात्रियों ने उनके हंगामे पर आपत्ति जताई, तो दोनों ने उनके साथ-साथ हस्तक्षेप करने वाले चालक दल के साथ भी बुरा व्यवहार किया। उनमें से एक गलियारे में चलते समय भी शराब पी रहा था। चालक दल ने उनकी बोतलें कब्जे में ले लीं।”
इस साल फ्लाइट में बुरे व्यवहार की सातवीं घटना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस साल यह सातवीं घटना है जब फ्लाइट में यात्रियों द्वारा अभद्र व्यवहार करने का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले 11 मार्च को एक व्यक्ति को फ्लाइट के शौचालय में धूम्रपान करने और लंदन-मुंबई उड़ान के दौरान आपातकालीन निकास को खोलने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।