हैदराबाद में डॉक्टर की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां एक सर्जरी के दौरान महिला के पेट में कथित तौर पर एक कैंची छूट गई। जिसके चलते आज (शनिवार) शहर के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
क्या है पूरा मामला: दरअसल पूरा मामला हैदराबाद का है। जहां महिला महेश्वरी चौधरी ने पुलिस में निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (निम्स) के सर्जनों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करवाया है। बता दें कि महेश्वरी का नवंबर 2018 में निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (निम्स) में हर्निया की सर्जरी हुई थी। इस दौरान महिला को जिन सर्जनों ने ऑपरेशन किया था उनसे महिला के पेट में कैंची छूट गई थी।
कैसे आया मामला सामने: गौरतलब है कि 12 नवंबर को सर्जरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से महिला के पेट में हल्का हल्का दर्द रहने लगा। लेकिन आज (शनिवार) जब दर्द ज्यादा बढ़ गया तो महिला ने एक्स रे करवाया। जिसमें सामने आया कि महिला के पेट में एक कैंची है। जिसके बाद महिला और उसके परिजनों ने पुंजागुट्टा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डॉक्टर्स का क्या है कहना: पेट में कैंची होने के चलते महिला को फिर से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं निम्स के निदेशक के. मनोहर ने कहा कि गैस्ट्रोएंट्रोलोजिस्ट की एक स्पेशल टीम बनाई है जो कैंच की गहराई और कोई अंग क्षतिग्रस्त तो नहीं हुआ पता लगाने के लिए जांच कर ही है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।