दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन पर ट्रेन सेवाएं तकनीकी गड़बड़ी के कारण रविवार ( 14 जुलाई) सुबह बाधित हो गईं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सेवाएं जनकपुरी पश्चिम और आर के पुरम के बीच तथा बोटैनिकल गार्डन और कालकाजी मेट्रो स्टेशन के बीच संचालित की जा रही हैं।
डीएमआरसी ने दी जानकारीः डीएमआरसी ने ट्वीट किया, ‘‘तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निम्नलिखित स्टेशनों के बीच चलाई जाएंगी:1) जनकपुरी पश्चिम और आर के पुरम के बीच 2) बोटैनिकल गार्डन और कालकाजी के बीच।’’ उसने कहा, ‘‘ आर के पुरम और कालकाजी के बीच अस्थायी रूप से एकल लाइन ट्रेन सेवा होगी।’’
National Hindi News, 14 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
दिल्ली मेट्रो में तकनीकी गड़बड़ी के चलते ट्रेन सेवाएं बाधित होने की खबरें अक्सर सुनने को मिलती हैं। इससे पहले दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाली मेट्रो में तकनीकी खराबी के चलते मेट्रो सेवाएं बाधित रही थीं। यह तकनीकी खराबी पीक आवर में आई थी जिसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा था। तकनीकी खराबी से सबसे ज्यादा परेशानी ऑफिस जाने वाले यात्रियों को हुई थी। इस दौरान काफी समय तक मेट्रो सेवाएं बाधित रही थी।बता दें कि दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन सबसे व्यस्ततम रूटों में से एक है। यह मेट्रो लाइन राजधानी दिल्ली को हरियाणा के गुरुग्राम से जोड़ती है। ऐसे में सुबह से ही हजारों लोग गुरूग्राम के हुडा सिटी सेंटर तक की यात्रा करते हैं।