मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण को करीब 72 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार अब तक मंत्रियों के विभाग फाइनल नहीं कर पाई है। गुरुवार को कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह के बीच तीन दौर की बातचीत हुई। इसके बाद भी विभाग बंटवारे पर एक राय नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि गृह, वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन समेत कुछ बड़े विभागों पर तीनों नेता असहमत हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा कशमकश गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय पर हो रही है। अन्य विभागों पर राय बनने के बाद उनकी लिस्ट दिल्ली में पार्टी आलाकमान को भेज दी गई है।
एकमत नहीं हैं सिंधिया, कमलनाथ और दिग्विजय : सूत्रों के मुताबिक, सीएम जनता से जुड़े प्रमुख विभागों गृह, नगरीय प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी अपने समर्थकों के पास रखना चाहते हैं। इस राय पर दिग्विजय और सिंधिया एकमत नहीं हैं। वहीं, कमलनाथ-दिग्विजय की ओर से स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन पर जिन मंत्रियों के नाम तय किए गए, उन पर सिंधिया ने असहमति जताई। सिंधिया तुलसी सिलावट को गृह या नगरीय प्रशासन विभाग जैसा विभाग दिलाने पर जोर दे रहे हैं। फिलहाल सिलावट को स्वास्थ्य देने की बात चल रही है। फाइनल सूची प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया से पास कराई जाएगी।
युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी देने पर चर्चा : कैबिनेट में शामिल युवा विधायकों में दिग्विजय के बेटे जयवर्धन समेत उमंग सिंघार को वन, तरुण भानोत को नगरीय प्रशासन, प्रियव्रत सिंह को ऊर्जा और सचिन यादव को कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जा सकते हैं।
फिलहाल इन विभागों पर सहमति बनने का अनुमान
मंत्री | विभाग |
महेंद्र सिंह सिसौदिया | श्रम |
इमरती देवी | महिला एवं बाल विकास |
ब्रजेंद्र सिंह राठौर | खनिज |
सज्जन सिंह वर्मा | पीडब्ल्यूडी |
डॉ. गोविंद सिंह | सहकारिता |
बाला बच्चन | गृह मंत्रालय |
आरिफ अकील | गैस राहत, अल्पसंख्यक कल्याण और सूक्ष्म उद्योग |
तुलसी सिलावट | लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण |
गोविंद सिंह राजपूत | राजस्व |
ओंकार सिंह मरकाम | आदिमजाति कल्याण |
सुखदेव पांसे | लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी |
लाखन सिंह यादव | सामाजिक न्याय |
डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ | चिकित्सा शिक्षा |
प्रभुराम चौधरी | स्कूल शिक्षा |
जयवर्धन सिंह | वित्त मंत्रालय |
कमलेश्वर पटेल | पंचायत एवं ग्रामीण विकास |
तरुण भानोत | नगरीय प्रशासन |
पीसी शर्मा | उच्च शिक्षा |
सुरेंद्र सिंह बघेल | नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण |
जीतू पटवारी | खेल एवं युवा कल्याण |
सचिन यादव | कृषि मंत्रालय |
उमंग सिंघार | वन |
(बाकी 6 मंत्रियों के विभागों को लेकर देर रात तक मंथन जारी रहा)