पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की रविवार (29 मई) को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना मानसा में हुई जहां पर मूसेवाला और उनके साथियों पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। मूसेवाला की हत्या पर बात करते हुए पंजाब के डीजीपी ने कहा कि उनके पास दो कमांडो थे पर वो वो आज नहीं ले गए।

हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग शामिल: पंजाब के डीजीपी वीके भावरा ने बताया, “अपने घर से निकलने के बाद जब सिद्धू मूसेवाला दो अन्य लोगों के साथ मनसा जिले में अपनी कार से जा रहे थे, तभी सामने से 2 कारें आईं और उन पर गोलीबारी हुई। गोलीबारी में मूसेवाला घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी। यह एक इंटर गैंग वार का मामला लगता है।”

डीजीपी पंजाब ने आगे बताया, “इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग शामिल है। गिरोह के सदस्य लकी ने कनाडा से जिम्मेदारी ली है।” डीजीपी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के पास पंजाब पुलिस के चार कमांडो थे, जिनमें से दो को वापस ले लिया गया था। पर उसके पास जो दो कमांडो थे जिन्हें मूसेवाला आज अपने साथ नहीं ले गए थे।

पर यह कोई पहला मामला नहीं है जब अपराधियों ने पंजाब में किसी पॉपुलर सिंगर को अपना शिकार बनाया है। इससे पहले भी कई बड़े गायकों पर पंजाब में हमला हो चुका है।

सिंगर परमीश वर्मा पर 2018 में चली थी गोली: साल 2018 में पंजाब के फेमस सिंगर परमीश वर्मा पर हमला हुआ था, पर वो लकी रहे और उनकी जान बच गई थी। परमीश वर्मा पर मोहाली में गोली चली थी जो उनके घुटने पर लगी थी। परमीश वर्मा पर यह जानलेवा हमला फिरौती के लिए किया गया था, जिसका आरोप गैंगस्टर दिलप्रीत बावा पर लगा था। जिसका केस अभी चल रहा है।

अमर सिंह चमकीला की हत्या: 90 के दशक में पंजाब के बेहद चर्चित गायक, गीतकार और संगीतकार अमर सिंह चमकीला और उनकी पत्नी अमरजोत की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। 8 मार्च 1988 को वो कार में अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे जब अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। उनके मर्डर का केस अब तक नहीं सुलझ पाया है। साल 1996 में चर्चित सिंगर दिलशाल अख्तर को भी पंजाब में अपराधियों ने अपना निशाना बनाया था।