दिल्‍ली के द्वारक सेक्टर-4 में एक सब-इंस्‍पेक्‍टर ने लड़की को तीन गोलियां मारने के बाद और खुद को भी गोली मार ली। पुलिसकर्मी एम्‍स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है, जबकि लड़की की मौत हो चुकी है। जिस शख्‍स ने इस गोलीकांड को अंजाम दिया है, उसका नाम विजेंदर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह करीब 11.45 बजे द्वारका के सेक्‍टर 4 में हुई। जहां उत्‍तम नगर की रहने वाली निक्‍की, पुलिसकर्मी विजेंदर से मिलने आई थीं, जो वहां पहले से मौजूद था। प्रत्‍यक्षदर्शियों ने बताया कि लड़की का विजेंदर से विवाद हो रहा था, इसी दौरान उसने अपनी सर्विस रिवॉल्‍वर निकाली और लड़की पर एक के बाद एक 3 फायर कर दिए।

गोलियां लगने के बाद लड़की वहीं गिर गई, इसके बाद विजेंदर ने खुद को गोली मार ली। घटनास्‍थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों को एक निजी अस्‍पताल में ले जाया गया। जहां लड़की को डॉक्‍टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि विजेंदर को ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस यह दावा कर रही है कि लड़की विजेंदर से शादी करना चाहती थी।