लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार से कांग्रेस अभी तक उबर नहीं पा रही है। पार्टी में इस्तीफों का दौर चल रहा है और पार्टी के कई नेता महत्वपूर्ण पदों से इस्तीफे दे चुके हैं। खुद राहुल गांधी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। अब दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में भी गुटबाजी की खबर सामने आयी है। दरअसल दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के 24 नेताओं ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर प्रदेश नेतृत्व में चल रहे असमंजस को लेकर सवाल उठाए हैं। दरअसल इस पत्र में नेताओं ने पूछा है कि प्रदेश कांग्रेस कौन चला रहा है?
राहुल गांधी को लिखे पत्र में नेताओं ने लगातार हो रहे फैसलों को लेकर नाराजगी जाहिर की। दरअसल शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस द्वारा ब्लॉक व जिला ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इस पर नेताओं का कहना है कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित अस्पताल में भर्ती हैं तो फिर इतने महत्वपूर्ण फैसले कौन कर रहा है? पार्टी नेताओं को संदेह है कि पर्दे के पीछे से कुछ लोग प्रदेश कांग्रेस चला रहे हैं। बता दें कि बीते दिनों शीला दीक्षित अस्वस्थता के चलते अस्पताल में भर्ती थीं। इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनमें ऑब्जर्वर की नियुक्ति भी शामिल है।
एनबीटी की एक खबर के अनुसार, इसी बात को लेकर नाराज नेताओं ने सवाल उठाए हैं। यहां तक कि दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने भी शीला दीक्षित को पत्र लिखकर इन नियुक्तियों को रद्द करने को कहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि शीला दीक्षित खुद ये सभी फैसले कर रही हैं।
कोचर के अनुसार, तबीयत खराब होने का मतलब यह नहीं है कि वो फैसला नहीं कर सकतीं। बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम से कांग्रेस में जारी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में कुछ महीनों बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में जारी गुटबाजी पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ाने वाली है।
