भाजपा शासित नगर निगमों के 60 हजार से अधिक सफाई कर्मचारियों की उनके बकाये के भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल रविवार पांचवें दिन भी जारी रही। इस बीच, दिल्ली के मंत्री, आप विधायक और सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता राजधानी के कई क्षेत्रों में जमा कूड़े को हटाने के के लिए सड़कों पर उतरे।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे उनकी जायस मांगों के पूरा होने तक अपना विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने चेताया कि सरकार द्वारा सफाई अभियान में पीडब्ल्यूडी टीमों को लगाने से शहर की स्थिति बिगड़ सकती है।

आप विधायक और कार्यकर्ता पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों के साथ मिलकर अभियान में शामिल हुए। कर्मचारियों को शनिवार में विशेष रूप से पूर्वी और उत्तरी दिल्ली में कूड़ा हटाने के काम में लगाया गया था जहां हड़ताल का सबसे ज्यादा असर है। इसके अलावा, दिल्ली जल बोर्ड के दो हजार से अधिक कर्मचारियों ने पीडब्ल्यूडी कर्मियों के साथ मिलकर सफाई अभियान में काम किया।