राजधानी दिल्ली के रिहायशी इलाके रूपनगर के एक घर में सोमवार की सुबह एक तेंदुआ (Leopard ) घुस गया। घर में घुसने से पहले तेंदुए ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। जंगली जानवर के आने से लोग दहशत में हैं। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस और वनकर्मी उसको पकड़ने की कोशिश में लगे हैं। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुआ सुबह-सुबह एक घर की छत से कूदकर दूसरे घर में आ गया था। वहां वह एक कमरे में बंद है।

पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में जुटी

उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद के जगतपुर गांव के आदर्श नगर गली नंबर तीन में सुबह कुछ लोगों ने एक तेंदुए को घूमते देखा। इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा केंद्र के अधिकारियों ने मौके पर दो दमकल गाड़िया भेजीं तथा इसकी जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी। पुलिस और वन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से तेंदुए को पकड़ने में लगे हैं।

सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में कुछ लोग पीछा करते दिखे

टीम स्थानीय लोगों की मदद से तेंदुए को एक कमरे में बंद करने में सफल रही। हमले में घायल सभी पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की पहचान महेंद्र, आकाश और रामपाल के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में कुछ लोग तेंदुए का पीछा करते हुए और कुछ अन्य लोग दहशत में भागते हुए दिख रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ सबसे पहले सुबह करीब साढ़े चार बजे देखा गया था। गांव के चारों ओर जंगल होने और कोई बाड़ आदि के नहीं होने से वहां जंगली जानवरों के आने की आशंका अक्सर बनी रहती है। तेंदुए ने कई लोगों पर हमला करने की कोशिश की थी।

पिछले साल 1 दिसंबर को दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म में एक तेंदुआ देखा गया था। इसका लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया था। लोगों का कहना है कि कई बार जंगली जानवर सड़कों पर टहलते हुए दिख जाते हैं। इससे वहां हर वक्त दहशत की स्थिति बनी रहती है। इसके कुछ दिन बाद ही उत्तरी दिल्ली के अलीपुर में खाटूश्याम मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक कार की चपेट में आने से एक तेंदुए की मौत हो गई थी।