दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 7 साल की बच्ची की हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के खुलासे के अनुसार, बच्ची की हत्या दुष्कर्म के बाद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने निहाल विहार के ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों व्यक्ति बाप-बेटे हैं। इस घटना का मुख्य आरोपी बेटा है, जिसने बहला-फुसलाकर पीड़िता को अपने घर बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं पिता ने बेटे की यह करतूत देख ली, लेकिन बेटे को पुलिस और जेल जाने से बचाने के लिए पिता ने भी बेटे का साथ दिया और बच्ची की हत्या कर शव को नजदीक के ही एक पार्क में ठिकाने लगा दिया।

क्या है मामलाः खबर के अनुसार, पीड़ित बच्ची शनिवार को लापता हुई थी। पीड़िता अपनी बहन के साथ दुकान पर गई थी। वापस लौटते हुए बहन तो घर आ गई, लेकिन पीड़िता वापस नहीं आयी। इसी बीच पीड़ित बच्ची को रास्ते में आरोपी मिला, जो उसे चिप्स का लालच देकर अपने साथ अपने घर ले आया। यहां आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। ऐसा करते हुए आरोपी के पिता ने उसे देख लिया। बेटे को बचाने के लिए आरोपी के पिता ने बेटे के साथ मिलकर पीड़िता की हत्या कर दी। वहीं बच्ची के ना मिलने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की और काफी देर तक ना मिलने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

रविवार को पुलिस ने बच्ची का शव गंदे नाले के नजदीक से बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने हत्यारे का पता लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में आरोपी पीड़िता के साथ दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या का खुलासा कर दिया और ये भी बताया कि उसका पिता भी इस वारदात में उसके साथ शामिल था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को भी हिरासत में ले लिया। दैनिक भास्कर की एक खबर के अनुसार, इस घटना का मुख्य आरोपी इससे पहले साल 2016 में भी एक लड़की को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है।