Delhi Elections Result: मतगणना के बाद मंगलवार को जारी होने वाले परिणाम में यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि किस इलाके या कौन से वर्ग का किसको समर्थन है। इसमें आंकड़े में सबसे महत्त्वपूर्ण इस बार महिलाओं की भागीदारी मानी जा रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में महिला और पुरुषों की मतदान में लगभग एक जैसी भागीदारी रही है। प्रत्याशी की जीत से पता चलेगा कि महिलाओं से किस दल को फायदा पहुंचा है।
आठ फरवरी को हुए चुनाव में आरक्षित, मुुसलिम बाहुल्य समेत अन्य क्षेत्रों में महिलाओं ने जमकर मतदान किया। जिसके चलते महिला और पुरुषों के बीच मतदान का आंकड़ा इस बार 2015 के मुकाबले काफी कम हुआ है। हालांकि आप सरकार ने महिलाओं को बस में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। वहीं, भाजपा ने मुसलिम महिलाओं के लिए तीन तलाक विरोधी बिल लाकर एक वर्ग की महिलाओं को साधने का प्रयास किया है। अलबत्ता सीएए और शाहीन बाग के कारण उस वर्ग में भाजपा को महिलाओं का समर्थन मिलता नजर नहीं आ रहा है।
राजनैतिक जानकारों के अनुसार इस चुनाव में चुनिंदा मुद्दों को छोड़कर महिलाएं हार-जीत के लिए किसी भी दल के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी। 2020 विधानसभा चुनाव में कुल 925483 मत पड़े। जिसमें 8103236 पुरुष और 4178841 महिला मतदाता ने भाग लिया।