नरेला इलाके में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिवार वालों ने दामाद पर हत्या का संदेह जताया है। कहा जा रहा है कि दामाद को काम पर जाने की नसीहत देना ही बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बना। घटना के बाद से वह फरार है। नरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक,बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली 75 साल की शांति देवी के पति का देहांत हो चुका है। उनकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। तीन बेटियां अपने ससुराल में रहती हैं, जबकि एक बेटी उनके साथ नरेला में ही रहती है। संपत्ति को लेकर महिला का बेटी और दामाद के साथ विवाद चल रहा था।

सोमवार रात शांति देवी मकान के बाहर चारपाई पर सोई थीं। उनके बगल में दूसरी चारपाई पर उनका दामाद अवधेश सोया था। पुलिस ने जब शांति देवी की बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे पति अवधेश पर मां की हत्या का संदेह है। अवधेश कोई काम नहीं करता था। वह शांति देवी के मकान पर कब्जा करना चाहता था।

इस बात को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। परिवार वालों के मुताबिक, सोमवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आशंका है कि दामाद ने ही शांति देवी की हत्या की है। उसके फरार होने के बाद यह आरोप और पुख्ता होता जा रहा है।