Delhi Yamuna Ferry News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने NCR के लोगों को गुड न्यूज दी है। उन्होंने मंगलवार शाम मीडिया को बताया कि दिल्ली में पर्यटन के विकास के लिए बड़ा कदम लिया गया है। आज दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच यमुना में फेरी सर्विस को लेकर एक MoU साइन किया गया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इसकी शुरुआत होगी और दिल्ली की जनता को फेरी दिखाई देगी।
यमुना में कहां चलेगी फेरी? – दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच साइन किए गए MoU के अनुसार, राजधानी नई दिल्ली में सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग 110) के चार किलोमीटर हिस्से पर क्रूज पर्यटन को विकसित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में यमुना के सोनिया विहार – जगतपुर स्ट्रेच को पर्यावरण के अनुकूल क्रूज संचालन के लिए हब में बदलना है।
यमुना में चलाई जाएंगी इलेक्ट्रिक बोट्स
MoU के अनुसार, यमुना नदी में इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड बोट्स चलाई जाएंगी। हर बोट में 20-30 यात्री घूम सकेंगे। इन बोट्स में यात्रियों की सुरक्षा के लिए बायो-टॉयलेट, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और लाइफ जैकेट की सुविधा होगी। PIB की प्रेस रिलीज के अनुसार, इसके अलावा IWAI स्मूथ फेरी ऑपरेशन के लिए दो HDPE जेटी स्थापित करेगा।
सिर्फ टूरिज्म नहीं, बड़ा है दिल्ली सरकार का प्लान
असिता पार्क में आयोजित किए गए कार्यक्रम में बोलते हुए LG वीके सक्सेना ने कहा कि आने वाले दिनों में इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा, इससे शहर की सड़कों पर भीड़भाड़ कम होगी और शहर के निवासियों को बेहतर यात्रा विकल्प भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह नदी, सड़क और मेट्रो ट्रांसपोर्ट को इंटीग्रेट करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यमुना में सुविधा का विस्तार करने के लिए PPP मॉडल पर भी विचार किया जाएगा।
रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली को एक नई और आधुनिक पहचान देगी। इसमें स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और विकास पर फोक्स होगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने अनेक बाधाएं उत्पन्न कीं, लेकिन दिल्ली की जनता ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया और विकास का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने यमुना घाटों को वाराणसी की तरह एक सांस्कृतिक और कलात्मक केंद्र के रूप में विकसित करने की कल्पना की है। इस दौरान रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि उनकी सरकार यमुना की सफाई के प्रयासों और दैनिक विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।