दिल्ली के शाहदरा इलाके में गुरुवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने से आधी उम्र की पत्नी की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह घर के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। खबर के अनुसार, 70 वर्षीय मानक चंद बेदी अपने परिवार के साथ शाहदरा के जगतपुरी इलाके के बलदेव पार्क में रहते थे। मानक चंद की पत्नी का 7 साल पहले देहांत हो गया था। इसके बाद से मानक चंद काफी अकेला महसूस करते थे। बताया जा रहा है कि 6 माह पहले ही मानक चंद ने अपने से आधी उम्र की 35 वर्षीय महिला लक्ष्मी से शादी की थी।

मानक चंद अपनी पत्नी के साथ मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, वहीं मानक चंद के तीन बेटे अपने-अपने परिवारों के साथ मकान के पहले, दूसरे और तीसरे तल पर रहते थे। शादी के बाद से ही मानक चंद और उनकी पत्नी के बीच विवाद शुरु हो गए थे। जिसके चलते लक्ष्मी ने मानक चंद और उनके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज करायी थी। लक्ष्मी झगड़े के चलते ही दो बार अपने मायके लोनी भी जा चुकी थी। जिसके बाद मानक चंद उसे मनाकर घर ले आए थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार की रात पति-पत्नी के बीच फिर से झगड़ा हुआ था। इस दौरान घर के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करा दिया था। अगली सुबह मानक चंद का पोता नीचे आया, जब बार-बार खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांककर देखा तो उसे मानक चंद फांसी पर झूलते दिखाई दिए। इसके बाद घर के अन्य लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि लक्ष्मी मृत पड़ी थी और उसके सिर पर ईंट से वार किए गए थे। खून से सनी ईंट भी नजदीक ही पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खून से सनी ईंट को जब्त कर लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के आरोप ने भी सुसाइड कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक हत्या के मामले में किसी बाहरी का हाथ होने के सबूत नहीं मिले हैं।